B Alert - मौसम की करवट न कर दे बीमार - Health Care Tips Hindi

B Alert - मौसम की करवट न कर दे बीमार

मौसम में बदलाव होने पर हमारी इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) भी बदलती है जिसकी वजह से एलर्जिक और वायरल संक्रमण होने का खतरा बढ़ जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस दौरान हमें अपनी दिनचर्या में भी बदलाव कर लेना चाहिए ताकि सेहत दुरुस्त रहे।

क्या-क्या सावधानियां
सुबह व शाम की ठंड और दिनभर गर्मी के इस मौसमी बदलाव में सामान्य बुुखार, जुकाम, खांसी और किसी भी प्रकार के फ्लू का खतरा ज्यादा रहता है।

बचने के उपाय:
लिक्विड डाइट जैसे छाछ, नींबू पानी, फलों या सब्जियों का रस और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। इससे शरीर में मौजूद विषैले तत्व बाहर निकल जाते हैं। पौष्टिक आहार लें और बाहर के खाने से परहेज करें। ज्यादा देर तक खाली पेट न रहें इससे आपकी इम्युनिटी प्रभावित होती है और रोगों के हमला करने की आशंका बढ़ जाती है। जो लोग पहले से किसी बीमारी की दवाएं ले रहे हैं, अपना ध्यान रखें। डायबिटीज के मरीज, छोटे बच्चे और गर्भवती महिलाओं का बदलते मौसम में खास खयाल रखें। बहुत ठंडा पानी या अन्य पेय पदार्थ न पिएं इससे गले की समस्या हो सकती है। पंखा और एसी का सावधानी से प्रयोग करें। फिलहाल सुबह व शाम की सर्दी है इसलिए गर्म कपड़े साथ रखें व जरूरत के हिसाब से इन्हें पहन लें ताकि ठंडी हवाओं से बचा जा सके।

पुराने मरीज ध्यान रखें
मौसम बदलने पर डायबिटीज व सांस के रोगियों को सबसे ज्यादा तकलीफ होती है। इस दौरान डायबिटीज के रोगियों को कमजोरी, खांसी, गले में दर्द और घुटन जैसी दिक्कतें होने लगती हैं। सांस के मरीजों को सांस फूलने, छींक और सांस लेने में तकलीफ की समस्या होने लगती है। इसलिए ये लोग मौसमी फल खाएं और संतुलित आहार लें। घर से बाहर जाने पर रोगी अपनी दवाएं साथ लेकर जाएं।

मास्क को नष्ट करें
इन दिनों स्वाइन फ्लू फैला हुआ है। इससे बचाव के लिए मास्क लगाना जरूरी है। ऐसे लोग जिनमें स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई दें, जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो या जिनका भीड़-भाड़ वाले इलाकों में आना-जाना ज्यादा हो उन्हें मास्क जरूर पहनना चाहिए। मास्क की जगह पर कई लोग मफलर या रूमाल का प्रयोग कर लेते हैं। ऐसा न करें क्योंकि इन्हें धोकर जब फिर से इस्तेमाल किया जाता है तो इनमें मौजूद वायरस दूसरी चीजों में फैल सकते हैं। ध्यान रहे प्रयोग के बाद मास्क को जमीन में गाढ़ दें या जला दें। संभव न हो तो मास्क को फ्लश कर दें। जिम, मॉल, सिनेमाहॉल या यात्रा करने के दौरान मास्क जरूर पहनें। जगह-जगह थूकने की आदत से बचें।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2SObkmq

Pages